एनटीपीसी एफपीओ फरवरी में, 41 करोड़ शेयर होंगे जारी

15 जनवरी 2010. देश की सबसे बड़ी बिजली कंपनी एनटीपीसी का फालो-ऑन पब्लिक इश्यू (एफपीओ) आगामी 3 फरवरी को शेयर बाजार में आएगा। इस इश्यू के तहत शेयर मूल्य संभवत: इसके बाजार में आने के ठीक एक दिन पहले निर्धारित किया जाएगा। एनटीपीसी के मुताबिक एफपीओ में कंपनी पांच फीसदी हिस्सेदारी का विनिवेश करेगी।

एनटीपीसी का कहना है कि पांच फीसदी सरकारी हिस्सेदारी बेचने के लिए कंपनी प्रत्येक दस रुपये मूल्य के 41.22 करोड़ शेयर बेचेगी।
बाजार के जानकारों के मुताबिक पिछले एक साल में बिजली कंपनियों के जितने भी इश्यू आएं हैं उनमें से ज्यादातर निवेशकों की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं। ऐसे में एनटीपीसी के शेयर का मूल्य क्या हो, इसको लेकर बाजार में काफी कयास लगाए जा रहे हैं। कंपनी ने गुरुवार को बताया कि उसका एफपीओ 5 फरवरी को बंद होगा।

कंपनी का आरंभिक पब्लिक इश्यू (आईपीओ) वर्ष 2004 में आया था, जिसमें कंपनी के शेयर को 62 रुपये में निवेशकों को दिया गया था। इसके तहत सरकार ने 11 फीसदी हिस्सेदारी बेची थी। फिलहाल कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी 89.50 फीसदी है जो इस एफपीओ के बाद घटकर 84.50 फीसदी रह जाएगी। एनटीपीसी अभी देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी है। इस सरकारी कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़कर 30,644 मेगावाट के स्तर पर पहुंच गई है। कंपनी के चेयरमैन आर.एस. शर्मा ने अगली पंचवर्षीय योजना में सालाना 6,000 मेगावाट बिजली का उत्पादन करने की घोषणा की है।

हालांकि, कंपनी के पावर प्लांटों को अभी कोयला सप्लाई में परेशानी आ रही है। कंपनी के कुल बिजली उत्पादन का 86 फीसदी हिस्सा कोयला आधारित पावर प्लांटों से हासिल होता है। कंपनी ने अपने एफपीओ के लिए आईसीआईसीआई सिक्यूरिटी, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट, जे पी मॉर्गन और कोटक महिंद्रा को लीड मैनेजर नियुक्त किया है। वहीं, कार्वी कंप्यूटर्स को रजिस्ट्रार बनाया गया है।स्रोत-दैनिक भास्कर)

घोषणा | गोपनीयता नीति | सर्वाधिकार सुरक्षित. © 2006-2010 एमजंक्शन सर्विसेस लिमिटेड