टाटा स्टील का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 42% घटा

17 फरवरी 2010, टाटा स्टील ने मंगलवार को कहा कि दिसंबर तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध लाभ 42 फीसदी गिरा है।

इसमें ब्रिटेन की यूनिट कोरस का कारोबार भी शामिल है। कंपनी ने कहा कि स्टील के ऊंचे दाम और वॉल्यूम बढ़ने से उसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन बढ़ा है।

दुनिया की आठवीं सबसे बड़ी स्टील निर्माता टाटा स्टील का अक्टूबर-दिसंबर की तिमाही में शुद्ध मुनाफा 473 करोड़ रुपये रहा। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 814 करोड़ रुपये था। तीसरी तिमाही में कंपनी की आमदनी 20 फीसदी गिरकर 26,069 करोड़ रुपये रही। इस तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग प्राफिट मार्जिन 13 फीसदी रहा जो पिछले वर्ष इसी अवधि में नौ फीसदी था।

टाटा कोरस के मैनेजिंग डायरेक्टर किर्बी एडामास ने कहा, 'चीन और भारत जैसे बाजारों में मांग काफी अधिक है, लेकिन यूरोप अभी भी मंदी की चपेट से पूरी तरह बाहर नहीं आया है।'

इससे पहले 29 जनवरी को टाटा स्टील ने अपने स्टैंडअलोन आंकड़ों की घोषणा करते हुए कहा था कि दिसंबर की तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा दोगुने से भी अधिक हो गया है।

टाटा स्टील ने कोरस को 2007 में 13 अरब डॉलर में खरीदा था। कंपनी को यूरोप में मांग में भारी गिरावट की वजह से बड़ा नुकसान हुआ है।

टाटा स्टील के बोर्ड ने ब्रिटेन में टीसाइड प्लांट के लिए खरीदार न मिलने की वजह से उत्पादन अस्थायी तौर पर बंद करने का फैसला किया है। टाटा स्टील के लिए यह प्लांट पिछले कुछ समय से एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ है। इस प्लांट के उत्पादन की लगभग 80 फीसदी खरीद करने वाली चार स्टील कंपनियों के अंतरराष्ट्रीय कंसोर्शियम ने उत्पाद खरीदने का करार तोड़ दिया है। एडामास ने कहा कि अभी इस प्लांट को अस्थायी तौर पर बंद किया गया है और इसे हालात सुधरने पर खोला जा सकता है।
(स्रोत- इकनॉमिक टाइम्स)

घोषणा | गोपनीयता नीति | सर्वाधिकार सुरक्षित. © 2006-2010 एमजंक्शन सर्विसेस लिमिटेड