जेएसडब्ल्यू एनर्जी करेगी बड़ा निवेश

02 फरवरी 2010. सज्जन जिंदल प्रवर्तित कंपनी जेएसडब्ल्यू एनर्जी अपनी ऊर्जा उत्पादन क्षमता वर्ष 2015 तक बढ़ाकर 11,390 मेगावाट करने की योजना बना रही है। इस पर कंपनी करीब 56,900 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस बीच, कंपनी बीओपी कारोबार में उतरने के लिए संयुक्त उद्यम के साझेदार की भी तलाश कर रही है।

जेएसडब्ल्यू एनर्जी लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक और सीईओ एस. एस. राव ने बताया कि कंपनी अपनी ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना बना रही है। उनके मुताबिक, एक मेगावाट की क्षमता बढ़ाने पर करीब 5 करोड़ रुपये का निवेश आता है। ऐसे में कंपनी 2015 तक करीब 56,950 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। परियोजना के लिए रकम कर्ज और इक्विटी के जरिए जुटाई जाएगी, जिसका अनुपात 75:25 होगा।

जेएसडब्ल्यू एनर्जी के वरिष्ठï उपाध्यक्ष वीके धनुका ने बताया कि अभी कंपनी की उत्पादन क्षमता 995 मेगावाट है, जिसे 2011 तक बढ़ाकर 3140 मेगावाट करने की योजना है। उसके बाद 2015 तक उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 11,390 मेगावाट करने की है। उन्होंने बताया कि बाड़मेर और रत्नागिरी में 2145 मेगावाट की परियोजना पर काम चल रहा है, जो क्रमश: फरवरी और अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही बाड़मेर में 270 मेगावाट और कुथेर में 240 मेगावाट की जल विद्युत परियोजना क्रमश: जनवरी 2013 और दिसंबर 2015 तक पूरी होगी।

जिन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उसकी कुल ऊर्जा उत्पादन क्षमता करीब 7740 मेगावाट होगी। ये सभी परियोजनाएं जनवरी 2014 से 2015 तक पूरी हो जाएंगी। राव ने बताया कि पश्चिम बंगाल में 100-100 मेगावाट की दो परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण का काम 2011 से शुरू किया जाएगा। वहीं रत्नागिरी परियोजना को अभी पर्यावरणीय मंजूरी मिलनी बाकी है। धनुका ने बताया कि कंपनी को 2015 तक करीब 4.8 करोड़ टन सालाना कोयले की जरूरत होगी। इसके लिए कंपनी मोजांबिक और इंडोनेशिया में कोयला खादान खरीदने की भी योजना बना रही है।(स्रोत-बिजनेस स्टैंडर्ड)

घोषणा | गोपनीयता नीति | सर्वाधिकार सुरक्षित. © 2006-2010 एमजंक्शन सर्विसेस लिमिटेड