बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश दोगुना हुआ

08 फरवरी 2010. बुनियादी ढांचा क्षेत्र में देश का निवेश पिछले पांच साल में दोगुना होकर सकल घरेलू उत्पाद [जीडीपी] के चार फीसदी से बढ़कर आठ फीसदी पर पहुंच गया है।

आयोग के सदस्य और बुनियादी ढांचा क्षेत्र के प्रमुख बी के चतुर्वेदी ने कहा कि 11वीं योजना [2007-12] के अंत या अगली योजना के पहले वर्ष तक हम बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 500 अरब डालर के निवेश के लक्ष्य को हासिल कर लेंगे।

आयोग ने 11वीं योजना में बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 500 अरब डालर के निवेश का लक्ष्य रखा है। वैश्विक वित्तीय संकट की वजह से यह क्षेत्र भी प्रभावित हुआ है। चतुर्वेदी ने कहा कि बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश बढ़ रहा है। अब यह जीडीपी के आठ फीसदी पर पहुंच चुका है, जो हमारी उम्मीद से कहीं ज्यादा है।

उन्होंने कहा कि यह 2004-05 में जीडीपी का चार फीसदी था। यह पहले की तुलना में अब दोगुना हो चुका है, जो उल्लेखनीय वृद्धि है। बुनियादी ढांचे से जुड़े सभी क्षेत्रों में भारी निवेश देखने को मिल रहा है। 11वीं योजना में बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश को जीडीपी के नौ फीसदी तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

योजना आयोग के एक दस्तावेज के मुताबिक, बुनियादी ढांचा क्षेत्र में सकल पूंजी निर्माण बढ़ेगा। इसमें कहा गया है कि 11वीं योजना में जो नौ फीसदी का लक्ष्य रखा गया है, वह उचित है।

दस्तावेज में कहा गया है कि कुल मिलाकर 11वीं योजना में यह लक्ष्य 502.88 अरब डालर बैठता है। कुल 500 अरब डालर के निवेश में से लगभग 50 फीसदी ऊर्जा और सड़क क्षेत्र में किया जाना है। इसे बाद 12 फीसदी निवेश दूरसंचार, रेलवे तथा सिंचाई क्षेत्र में होना है।

सड़क के ढांचे के बारे में पूछे जाने पर चतुर्वेदी ने कहा कि जो लक्ष्य रखा गया है वह उपलब्ध संसाधनों की दृष्टि से कुछ ज्यादा है। चतुर्वेदी प्रधानमंत्री द्वारा नियुक्त उस समिति के सदस्य भी हैं, जिसका गठन राजमार्ग परियोजनाओं में आ रही देरी के लिए प्रक्रिया संबंधी खामियों को दूर करने के लिए किया गया है।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय और आयोग का रुख सड़कों के निर्माण को अधिकतम करने पर है। विशाल बिजली परियोजनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इन्हें जल्द से जल्द लागू किया जाएगा।
चतुर्वेदी ने कहा कि यह साफ है कि योजना आयोग चाहता है कि इन सभी परियोजनाओं को जल्द से जल्द लागू किया जाए।
(स्रोत-दैनिक जागरण)

घोषणा | गोपनीयता नीति | सर्वाधिकार सुरक्षित. © 2006-2010 एमजंक्शन सर्विसेस लिमिटेड