08 फरवरी 2010, लांग प्रोडक्ट की मांग बढ़ने से स्टील कंपनियां इसकी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए भरसक प्रयास कर रही हैं।
खास तौर पर टाटा स्टील, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) और जेएसडब्लू जैसी बड़ी कंपनियां अपना डीलरशिप नेटवर्क बढ़ाने से लेकर उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम कर रही हैं।
देश की सबसे बड़ी स्टील कंपनी सेल ने हाल ही में अपने नेटवर्क को 2000 डीलर्स से ज्यादा पहुंचा दिया है। साथ ही कंपनी ने त्नसेल शॉपत्न नाम से एक्सक्लूसिव स्टोर भी शुरू किया है। कंपनी चेयरमैन एस. के. रूंगटा ने बिजनेस भास्कर को बताया कि इस नेटवर्क के जरिए कंपनी अपने उत्पादों को दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचाना चाहते हैं। खासकर लांग प्रोडक्ट को। कंपनी इस स्टोर के जरिए ग्रामीण इलाकों पर ज्यादा ध्यान दे रही है। साथ ही अगले साल कंपनी के बर्नपुर प्लांट के शुरू होने से लांग प्रोडक्ट का उत्पादन भी बढ़ जाएगा।
जेएसडब्लू स्टील के वाइस चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सज्जन जिंदल ने बताया कि कंपनी लांग प्रोडक्ट की बिक्री में बढ़ोतरी को देखते हुए कंपनी जेएसडब्लू शॉप की संख्या अगले दो सालों में 96 से बढ़ाकर 600 करने जा रही है। इसमें ज्यादातर स्टोर उन इलाकों में भी होंगे, जहां स्टील की मांग अच्छी है और जहां के लोगों को स्टील खरीदने के लिए दूर-दराज जाना पड़ता है।
मोनट इस्पात के सीनियर वाइस-प्रेसीडेंट (माकेर्टिग) अमिताभ मुदगल ने बिजनेस भास्कर को बताया कि कंपनी लांग प्रोडक्ट में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए नेटवर्क को बढ़ाने पर विचार कर रही है।
इंडस्ट्री जानकारों के मुताबिक पिछले दो महीनों में लांग प्रोडक्ट की मांग अच्छी खासी रही है। यही नहीं, पिछले कुछ महीनों में भी कुल स्टील मांग में लांग प्रोडक्ट की हिस्सेदारी बढ़ी है। पिछले दो महीनों से लांग प्रोडक्ट की मांग 10 फीसदी से ज्यादा बढ़ रही है। इससे भी बड़ी कंपनियां इस श्रेणी में अपने उत्पादों को बढ़ावा दे रही है। इसके साथ ही कुल लांग प्रोडक्ट बाजार में बड़ी कंपनियों की हिस्सेदारी 45 फीसदी के आस-पास है। इसको बड़ी कंपनियां बढ़ाने की दिशा में काम कर रही हैं। इसके तहत कंपनियां अपने डीलरशिप नेटवर्क को ग्रामीण इलाकों की ओर बढ़ा रही हैं।
नेटवर्क विस्तार
टाटा स्टील, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) और जेएसडब्लू जैसी बड़ी कंपनियां अपना डीलरशिप नेटवर्क बढ़ाने से लेकर उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम कर रही हैं
रिटेल स्टोरों के नेटवर्क के जरिए अपने उत्पादों खासकर लांग प्रोडक्ट को दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचाना चाहती हैं कंपनियां, ग्रामीण इलाकों पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं
घोषणा | गोपनीयता नीति | सर्वाधिकार सुरक्षित. © 2006-2010 एमजंक्शन सर्विसेस लिमिटेड