पहले फास्ट ब्रीडर रिएक्टर में होगी देरी

15 फरवरी, 2010. परमाणु ऊर्जा के वाणिज्यिक उत्पादन के लिए देश का पहला फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (एफबीआर) पूरा होने में एक साल तक का विलंब हो सकता है।

शुरू में यह संभावना जताई जा रही थी कि तमिलनाडु में चेन्नई के पास कलपक्कम में बनाया जा रहा 500 मेगावॉट इक्विवैलेंट (एमडब्ल्यूई) रिएक्टर शुरू में 2010 के अंत तक शुरू हो जाएगा।

परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'कलपक्कम एफबीआर के शुरू होने में कुछ विलंब हो रहा है। वजह यह है कि इसके लिए कई उपकरण देश में पहली बार बनाए जा रहे हैं, क्योंकि यह एक बेहद महत्त्वपूर्ण रिएक्टर है।'

अधिकारी ने बताया कि यह विलंब कुछ महीनों से लेकर एक साल का हो सकता है और एफबीआर 2011 में शुरू होगा। जब यह रिएक्टर शुरू हो जाएगा तो रूस के बीएन-600 रिएक्टर के बाद यह दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा वाणिज्यिक एफबीआर होगा। बीएन-600 रिएक्टर 1980 से काम कर रहा है। इस एफबीआर की शुरुआत के साथ भारत अपने 'त्रि-स्तरीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम' के दूसरे चरण में प्रवेश करेगा।

कलपक्कम एफबीआर के अलावा सरकार 2020 तक चार अतिरिक्त एफबीआर के निर्माण की भी योजना बना रही है। इन अतिरिक्त एफईबार में से दो के लिए जगह की पहचान कलपक्कम में कर ली गई है। कलपक्कम में एफईबार प्राकृतिक यूरेनियम का 75 फीसदी इस्तेमाल करेगा।

एफबीआर का प्रोटोटाइप 3,492 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से विकसित किया जा रहा है। इससे देश के लिए ऊर्जा सुरक्षा प्रदान किए जाने की संभावना है। रिएक्टर भारतीय नाभिकीय विद्युत निगम लिमिटेड (भाविनी) द्वारा स्थापित किया जा रहा है।

डीएई के संरक्षण में देश में एफबीआर के निर्माण के लिए वर्ष 2003 में सरकार द्वारा भाविनी नाम से स्पेशल पर्पज व्हीकल बनाया गया। इसे इंदिरा गांधी सेंटर फॉर अटॉमिक रिसर्च (आईजीसीएआर) पर डिजाइन किया गया। आईजीसीएआर भारत में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर टेक्नोलॉजी के विकास में लगी डीएई की शोध संस्था है।

छोटे आकार के 13 एमडब्ल्यूई फास्ट ब्रीडर टेस्ट रिएक्टर (एफबीटीआर) वर्ष 1985 के बाद से ही देश में सफलतापूर्वक परिचालन कर रहे हैं। एफबीआर टेक्नोलॉजी के जरिये अतिरिक्त यूरेनियम के बगैर ही देश की परमाणु विद्युत उत्पादन क्षमता को बढ़ा कर दीर्घावधि में 300,000 एमडब्ल्यूई से अधिक किए जाने में मदद मिलेगी। मौजूदा समय में भारत 4100 एमडब्ल्यूई परमाणु विद्युत उत्पादन क्षमता से लैस है।(स्रोत-बिजनेस स्टैंडर्ड)

घोषणा | गोपनीयता नीति | सर्वाधिकार सुरक्षित. © 2006-2010 एमजंक्शन सर्विसेस लिमिटेड