22 फरवरी 2010. उद्योग मंडल एसोचैम ने दावा किया है कि सरकार के आर्थिक प्रोत्साहन उपायों ने अक्टूबर से जनवरी 2009-10 में पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 19 प्रतिशत अधिक रोजगार के अवसर पैदा किए हैं।
एसोचैम ने कहा है कि सरकार द्वारा घोषित उत्पाद शुल्क और सेवा कर में कटौती जैसी वित्तीय सहायताओं के कारण विभिन्न क्षेत्रों को मुनाफा अर्जित करने और रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिली है।
इसमें कहा गया है कि घरेलू औद्योगिक उत्पादन के मजबूती से बढ़ने और निर्यात मांग बढ़ने के कारण रोजगार सृजन की प्रक्रिया तेज हुई है।
दिसंबर महीने में औद्योगिक उत्पादन ने 16.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है जो 16 वर्षो के उच्चतम स्तर है।
एसोचैम ने कहा है कि अन्य देशों द्वारा प्रदान किए गए प्रोत्साहन पैकेज ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ाया है। इससे भारत में निर्यात एवं आयात गतिविधियों को बढ़ावा मिला है तथा विनिर्माण एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों में रोजगार पैदा किए हैं।
इसमें कहा गया है कि अक्टूबर -जनवरी 2009-10 के दौरान आटोमोबाइल क्षेत्र ने पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले रोजगार सृजन के क्षेत्र में 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। इसमें कहा गया है कि रोजगार सृजन के मामले में होटल क्षेत्र ने 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।
जिन अन्य क्षेत्रों में रोजगार सृजन हुए हैं उनमें बीमा, बैंकिंग, इंजीनियरिंग सामान, कंप्यूटर हार्डवेयर, दूरसंचार और खुदरा क्षेत्र शामिल है।
इसमें कहा गया है कि कृषि, तत्काल खपत उपभोक्ता माल कंपनियां, मानव संसाधन और कपड़ा क्षेत्र में इस अवधि के दौरान रोजगार सृजन के मामले में मामूली गिरावट दर्ज हुई है।(स्रोत-दैनिक जागरण)
घोषणा | गोपनीयता नीति | सर्वाधिकार सुरक्षित. © 2006-2010 एमजंक्शन सर्विसेस लिमिटेड