भारत नौवां सर्वाधिक औद्योगिकीकृत देश

05 मार्च 2010. भारत औद्योगिक उत्पादन के मामले में विश्व में नौवें पायदान पर है जबकि चीन, जापान को पीछे छोड़ते हुए इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। अमेरिका इस सूची में शीर्ष स्थान पर है।

संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन [यूनिडो] की रिपोर्ट 'इंटरनेशनल ईयरबुक आफ इंडस्ट्रियल स्टैटिक्स- 2010' के अनुसार चीन, भारत और ब्राजील 10 प्रमुख औद्योगिक उत्पादक देशों की सूची में शामिल हैं। सूची में भारत और ब्राजील को क्रमश: नौवां और 10 वां स्थान मिला है।

यूनिडो के अनुसार दुनिया के कुल औद्योगिक उत्पादन में अमेरिका, चीन और जापान की हिस्सेदारी लगभग आधी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल के वित्तीय संकट का असर विकसित देशों पर ज्यादा पड़ा है। हालांकि इसका प्रभाव विकासशील देशों पर कम है।

रिपोर्ट के मुताबिक कुल विनिर्माण मूल्य [एमवीए] में चीन की हिस्सेदारी 15.6 फीसदी है जबकि जापान का हिस्सा 15. 4 फीसदी है। यूनिडो ने यह भी कहा कि उत्पादन के लिहाज से चीन भले ही जापान से आगे निकल गया हो लेकिन प्रति व्यक्ति एमवीए के मामले में जापान अभी भी आगे है। उसका प्रति व्यक्ति एमवीए 9000 अमेरिकी डालर है जबकि चीन प्रति व्यक्ति एमवीए 700 है।

बोस्टन की कंसल्टेंसी समूह और कनफेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री की ओर से कल जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर औद्योगिक क्षेत्र की वृद्धि दर अगले 15 साल तक 11 फीसदी रहती है तो भारत चौथा सबसे बड़ा औद्योगिक उत्पादक देश बन सकता है।(स्रोत-दैनिक जागरण)


घोषणा | गोपनीयता नीति | सर्वाधिकार सुरक्षित. © 2006-2010 एमजंक्शन सर्विसेस लिमिटेड