इस्पात के मूल्य खुद तय करेगी सरकार: पासवान

14 अप्रैल, 2008। इस्पात की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए व्याकुल सरकार ने स्टील कंपनियों को मुनाफाखोरी न करने की चेतावनी दी है। इस्पात व रसायन मंत्री रामविलास पासवान ने इस बात का जिक्र करते हुए कहा है कि यदि जरूरत पड़ी तो सरकार स्वयं स्टील की कीमतें तय करेगी।

पासवान ने यह भी कहा कि सरकार बढ़ती कीमतों को काबू में करने के लिए इस्पात को आवश्यक वस्तुओं के दायरे में भी ला सकती है। उन्होंने कहा, 'मैं इस्पात उद्योग के लिए एक नियामक की वकालत करता रहा हूं। दवा क्षेत्र में मैंने जो किया उससे मुनाफाखोरी को रोकने में ड्रग प्राइस कंट्रोल आर्डर काफी कारगर रहा और कीमतें नियंत्रण में रहीं।'

गत 29 मार्च को समाप्त सप्ताह के दौरान लोहे एवं इस्पात की थोक कीमतों में 5.6 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यही नहीं, गत दिसंबर माह से अब तक इस्पात की कीमतों में 49 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है।

पासवान ने यह भी कहा, 'कच्चे माल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में सरकार स्टील उद्योग को बढ़ती लागत का बोझ खुद उठाने और घाटा उठाकर उत्पादन करने के लिए बाध्य नहीं कर सकती है।' (स्रोत-दैनिक जागरण)

Disclaimer | Privacy Policy | All rights reserved. © 2006-2013 mjunction Services Limited